देवास- जिले की एकमात्र महिला सोनोलॉजिस्ट का फूटा गुस्सा: 3 साल से जिला अस्पताल में सोनोग्राफी पर ताला, तुष्टिकरण की घटिया राजनीति का सीधा आरोप

देवास-  

जिले की एकमात्र महिला सोनोलॉजिस्ट का फूटा गुस्सा: 3 साल से जिला अस्पताल में सोनोग्राफी पर ताला, तुष्टिकरण की घटिया राजनीति का सीधा आरोप


महिला डॉक्टर बोलीं - सरकारी ट्रेनिंग भी बेकार, गरीब गर्भवती महिलाओं को सुविधा से रोका, 30 किमी दूर भेजने का दबाव बनाया


---


देवास, 23 मई 2026 | भूदर्शन न्यूज


देवास जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की सच्चाई सामने आ गई है। जिले की एकमात्र महिला सोनोलॉजिस्ट ने 3 साल की चुप्पी तोड़ते हुए सिस्टम पर बड़ा हमला बोला है। महिला डॉक्टर ने सीधा आरोप लगाया कि तुष्टिकरण की घटिया राजनीति के कारण उन्हें जिला अस्पताल में सोनोग्राफी नहीं करने दी गई।


डॉक्टर ने कहा कि शासन से लाखों रुपये खर्च कर उन्हें सोनोग्राफी की ट्रेनिंग दिलाई गई। मकसद था कि जिले की गरीब गर्भवती महिलाओं को मुफ्त सोनोग्राफी मिले। लेकिन 3 साल से अस्पताल में उन्हें मशीन छूने तक नहीं दी गई।


सबसे शर्म की बात ये है कि महिला होने के बाद भी महिला डॉक्टर को महिलाओं के लिए काम करने से रोका गया। डॉक्टर का आरोप है कि कुछ लोग जानबूझकर नहीं चाहते कि सरकारी अस्पताल में ज्यादा सोनोग्राफी हो, ताकि मरीज मजबूर होकर निजी सेंटरों पर जाएं।


डॉक्टर ने सिस्टम की पोल खोलते हुए बताया कि उनकी पोस्टिंग देवास जिला मुख्यालय पर है। काम का बोझ पहले से ज्यादा है। फिर भी उन पर दबाव डाला गया कि 30 किलोमीटर दूर जाकर सोनोग्राफी करो, लेकिन जिला अस्पताल जहां रोज सैकड़ों महिलाएं आती हैं, वहां कदम भी मत रखना।


आज हार मानकर डॉक्टर ने कहा कि 3 साल तक लड़ाई लड़ी, लेकिन घटिया सोच वाले लोग कभी नहीं सुधरेंगे। तुष्टिकरण की राजनीति के कारण जिले की हजारों गरीब महिलाओं को उनकी हक की सुविधा नहीं मिल पाई।


डॉक्टर ने चेतावनी दी कि बुरा करने वाले एक दिन बुरा ही देखेंगे। ऊपर का सीसीटीवी सब देख रहा है। शासन की ट्रेनिंग, सरकारी मशीन और डॉक्टर तैयार होने के बाद भी अगर महिलाओं को सुविधा न मिले तो इससे बड़ा भ्रष्टाचार क्या होगा।


इस खुलासे के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। क्या जानबूझकर सरकारी मशीनों पर ताला लगाकर निजी सेंटरों को फायदा पहुंचाया जा रहा है?


रिपोर्ट: भूदर्शन न्यूज, देवास

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

शाजापुर- पैक्स कर्मचारियों ने लंबित मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन, फिर आंदोलन की चेतावनी।

शाजापुर-झौंकर में गूंजा ‘जय भीम’, ऐतिहासिक चल समारोह के साथ मनाई गई भव्य जयंती।

भोपाल-गैस बुकिंग के 25 दिन नियम से खुला बड़ा खेल!